सुवेंदु अधिकारी के गढ़ में ममता बनर्जी का ऐलान- नंदीग्राम सीट से ही लड़ूंगीं विधानसभा चुनाव
कोलकाता
सोमवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की मुखिया ममता बनर्जी ने नंदीग्राम में चुनावी सभा की। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टियां जोर-शोर से जुटी हुई हैं। इसी बीच सोमवार को राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बड़ा ऐलान कर दिया। ममता बनर्जी ने ऐलान किया है कि वो इस बार नंदीग्राम से विधानसभा चुनाव लड़ेंगी। आपको बता दें कि नंदीग्राम सुवेंदु अधिकारी का गढ़ माना जाता है, अधिकारी हाल ही में टीएमसी छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए हैं। यहां पर उन्होंने ऐलान किया कि, मैं चाहती हूं इस बार यहां से चुनाव लड़ूं। ममता बनर्जी ने कहा कि इस बार भी बंगाल में टीएमसी की सरकार बनेगी और टीएमसी को 200 से अधिक सीटें मिलेंगी।
ममता ने कहा, नंदीग्राम ने उन्हें बहुत कुछ दिया है, यहां तक कि उन्होंने 2016 में नंदीग्राम से अपनी चुनावी यात्रा शुरू की थी, इसलिए उन्हें लगता है कि नंदीग्राम उनके लिए भाग्यशाली है। इसलिए वे नंदीग्राम से चुनाव लड़ना चाहती हैं। उन्होंने कहा है कि वो नंदीग्राम के अलावा अपनी परंपरागत सीट भवानीपुर से भी चुनाव लडेंगी। ममता बनर्जी ने यहां टीएमसी से बीजेपी में गए सुवेंदु अधिकारी पर भी तंज कसा। नंदीग्राम में रैली करते हुए ममता बनर्जी ने कहा, 'मुझे वो दिन याद हैं, इसलिए मुझे किसी से ज्ञान नहीं चाहिए, नंदीग्राम आंदोलन किसने शुरू किया था, हम सब जानते हैं।' इस रैली में टीएमसी सांसद और सुवेंदु अधिकारी के पिता शिशिर अधिकारी और उनके भाइयों को नहीं बुलाया गया था।
वहीं उन्होंने कहा कि, आज किसान भी आंदोलन कर रहे हैं और बीजेपी को तीनों कृषि कानून तुरंत वापस लेने चाहिए। बीजेपी पर हमलावर होते हुए उन्होंने कहा, ''बीजेपी वाशिंग मशीन है, बीजेपी काले को सफेद करने का वॉशिंग पाउडर है। मुख्यमंत्री ने कहा, अखबारों को, मीडिया को डराकर अपने हिसाब से सर्वे बनाए जा रहा हैं, मुझे सब पता है। सारे वीडियो और व्हाट्सएप पर विश्वास मत करना, यह सब फेक है। बीजेपी झूठी खबरों को फैलाने का काम कर रही है। यह सफेद को काला करने वाले लोग हैं।

पाठको की राय